After Header-1

आध्यात्मिक राजधानी के लिए आप की ऑनलाइन मुहिम

पार्टी के वरिष्ठ नेता कर्नल अजय कोठियाल ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर दी जानकारी

देहरादून। आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर दोहराया कि
उत्तराखंड पूरी दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी बनेगी। इसके
वैश्विक स्तर पर राज्य की अपनी अलग पहचान होगी। आप के
वरिष्ठ नेता कर्नल (सेनि) अजय कोठियाल ने शनिवार को पार्टी
कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि दिल्ली के सीएम
व पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रदेश को
आध्यात्मिक राजधानी बनाने का जो संकल्प लिया है उसे पूरा
करने के लिए हर कार्यकर्ता संकल्पित है। जनता को इस मुहिम
से जोडऩे के लिए एक अभियान भी चलाया जाएगा।
लोग ऑनलाइन इस मुहिम से जुडक़र सुझाव दे सकते हैं कि उन्हें
किस तरह की आध्यात्मिक राजधानी चाहिए।

देवभूमि पूरे विश्व में धार्मिक स्थलों के लिए प्रसिद्ध

कहा कि देवभूमि उत्तराखंड पूरे विश्व में धार्मिक स्थलों के लिए
प्रसिद्ध है। देश-दुनिया के लोग यहां आत्मिक शांति के लिए आते
हैं। चारधाम बदरीना, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री के अलावा
हेमकुंड साहिब, कुंभ नगरी हरिद्वार, प्रसिद्ध शक्तिपीठ धारी देवी
मंदिर, पाताल भुवनेश्वर मंदिर, गोलू देवता, तुंगनाथ, रुद्रनाथ,
गोपीनाथ, जोशीमठ में नरसिंह भगवान का मंदिर, महासू देवता,
बाबा विश्वनाथ मंदिर समेत कई तीर्थ स्थल उत्तराखंड में हैं। उनका
अपना विशेष ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व है। गंगा व यमुना
का उद्गम भी यहीं से होता है। प्रसिद्ध योग नगरी ऋषिकेश भी
राज्य में स्थित है। यही नहीं राजा भरत की जन्मस्थली कण्वाश्रम
भी कोटद्वार में है। यानी पूरा राज्य धर्म व अध्यात्म का जीवंत
प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक राजधानी के संकल्प का
मतलब इन सभी धार्मिक स्थलों में विश्व स्तरीय सुविधाएं
विकसित करना है। ताकि देश-विदेश के श्रद्धालु यहां आकर
सुकून महसूस कर सके। इससे जहां राज्य की ख्याति बढ़ेगी वहीं
रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
कर्नल कोठियाल ने कहा कि भाजपा धर्म विरोधी पार्टी है। यही वजह की राज्य सरकार ने देवस्थानम बोर्ड बनाकर धर्म को भी अपने अधीन करने का प्रयास किया है। इससे तीर्थ पुरोहितों के हक-हकूक प्रभावित हुए हैं। सरकार अब तीर्थ पुरोहितों को भ्रमित कर रही है। पत्रकार वार्ता में पार्टी के उपाध्यक्ष विनोद कपरवाण व प्रदेश प्रवक्ता नवीन पिरशाली भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.