After Header-1

जोरहाट-माजुली जल मार्ग में निजी एकल इंजन नौकाएं नहीं चलेंगी: सरमा

गुवाहाटी। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि ब्रह्मपुत्र नदी में जोरहाट-माजुली जल मार्ग पर सभी एकल इंजन वाली निजी नौकाओं के परिचालन पर पाबंदी लगायी जाएगी।  सरमा ने बह्मपुत्र नदी में दो नावों की टक्कर में एक नाव के पलटकर डूबने पर पुलिस को इस संबंध में एक आपराधिक मामला दर्ज करने का आदेश दिया था। जिसमें एक यात्री की जान चली गई थी जबकि कईं लोग अभी भी लापता हैं।

सरमा हालात का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि कुप्रबंधन के कारण दुर्घटना हुई। यह दुर्घटना बुधवार को हुई। सरमा के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।उन्होंने कहा, मैंने जोरहाट पुलिस को दुर्घटना के संबंध में आपराधिक मामला दर्ज करने को कहा है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए हम आज शाम तक उच्च स्तरीय जांच की घोषणा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दस ऐसी निजी मशीनीकृत नौकाएं हैं, जो निमती घाट से माजुली के बीच चलती हैं। इनमें एक इंजन लगे हुए हैं और ये इंजन समुद्री इंजन नहीं हैं। अगर कोई नौका मालिक इन्हें समुद्री इंजन वाली नौका बनाना चाहता है तो हम उनकी सहायता करेंगे।उन्होंने कहा,आज से एकल इंजन वाली सभी नौकाओं के संचालन पर रोक लगाई जाती है। ये इंजन समुद्री इंजन नहीं हैं। अगर कोई नौका मालिक इसे समुद्री इंजन में रूपांतरित करना चाहता है तो हम उसकी सहायता करेंगे।

उन्होंने बताया कि समुद्री इंजन की कीमत करीब दस लाख रुपये है, जो आवेदन मिलने पर निजी नौकाओं के मालिकों को सरकार तत्काल मुहैया कराएगी। सरमा ने कहा, कुल कीमत की 75 प्रतिशत सब्सिडी होगी और 25 प्रतिशत ऋण के तौर पर दिया जाएगा। वे माजुली के उपायुक्त कार्यालय में आज से ही आवेदन देना शुरु कर सकते हैं।उन्होंने यह भी कहा कि नौका पर 90 लोग सवार थे,जिनमें से एक की मौत हो गई और दो अब भी लापता हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.