विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर युवक से ठगे दस लाख

 न्यायालय ने आरोपी मां बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के दिए आदेश

रुद्रपुर।  विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर मां बेटे ने एक युवक से दस लाख रुपये ठग लिये। न्यायालय ने पुलिस को आरोपी मां बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
काशीपुर के  होली चौक निवासी दीपक शर्मा पुत्र सुरेश कुमार शर्मा की थाना कूंडा के ग्राम भरतपुर अभिनव चौबे से मित्रता थी। तीन साल पहले अभिनव ने दीपक से कहा कि उसकी माँ बबीता चौबे विदेश भेजकर नौकरी लगती है। जहां काफी कमाई होती है। बबीता चौबे ने दीपक शर्मा को कहा कि इसमें दस लाख रुपये देने होंगे और बड़ी कंपनी में नौकरी लग जायेगी। दीपक शर्मा ने अभिनव व बबीता को दस लाख रुपये दे दिये। इस बीच 2018 में ट्रायल के तौर पर अभिनव दीपक को थाइलैंड भी ले गया था। लेकिन दीपक की नौकरी नहीं लगी। बाद में दीपक ने अपने पैसे वापस मांगे तो दोनों मां बेटे टालमटोल करने लगे। जब दीपक ने अपनी रकम वापसी मांगी तो उसे एक कागज पर टाइप कर दिया कि दो वर्ष के भीतर पैसे वापस कर देंगे। लेकिन दो वर्ष बीतने के बावजूद दीपक को रकम वापसी नहीं की। इसके बाद दीपक ने दोनों के खिलाफ काशीपुर कोतवाली तथा एसएसपी उधम सिंह नगर को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। दीपक शर्मा ने अपने अधिवक्ता अमरीश अग्रवाल तथा मुनिराज विश्नोई के मायम से न्यायालय में 156(3) के तहत मामला दर्ज कराया। न्यायालय ने इस मामले में काशीपुर कोतवाली को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.