After Header-1

उद्योगों के लिए बिहार में बना है जबरदस्त माहौल : शाहनवाज

पटना । बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने आज कहा कि प्रदेश की राजग सरकार में उद्योगों के लिए जबरदस्त माहौल बना है और आने वाले दिनों में यहां की मेधा को अवसर देने के लिए उद्योगों की भी कमी नहीं होगी। हुसैन ने बिहटा में उद्योगों के विकास की समीक्षा के बाद कहा कि राज्य में पिछले कुछ महीनों में लगभग 35 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को राज्य निवेश संवर्द्धन बोर्ड (एसआईपीबी) की मंजूरी मिल चुकी है। इसमें 30 हजार करोड़ रुपए से अधिक निवेश के प्रस्ताव इथेनॉल उत्पादन के लिए है।

उन्होंने कहा कि बिहार इथेनॉल उत्पादन का बड़ा हब बनेगा और राज्य के औद्योगिकीकरण का सपना जरूर पूरा होगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बिहटा में मेगा औद्योगिक पार्क, बिहटा औद्योगिक क्षेत्र और औद्योगिक क्षेत्र सिकंदरपुर में उद्योगों का तेजी से विकास हो रहा है। कई नई औद्योगिक इकाइयां इस औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित होने वाली है। उन्होंने कहा कि बिहटा में अन्य उद्योगों के साथ ही सूचना एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए उद्योगों की संभावनाएं हैं।

इस पर भी गंभीरता से विचार कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि राज्य के मेधावी छात्र जो देश ही नहीं विदेशों में रहकर दुनिया की बड़ी सूचना एवं प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों में अमूल्य योगदान दे रहे हैं ,उनके लिए राज्य में भरपूर संभावनाएं पैदा हो। उन्होंने कहा कि राज्य में मेधा की कमी नहीं है और आने वाले दिनों में यहां की मेधा को अवसर देने के लिए उद्योगों की भी कमी नहीं रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.