तीर्थ पुरोहितों ने दिया दोबारा सत्ता में न आने का श्राप

देवस्थानम बोर्ड के विरोध में तीर्थ पुरोहितों का आंदोलन हो रहा उग्र विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

  • केदारनाथ धाम में बारिश में छाता लेकर प्रदर्शन कर रहे तीर्थ पुरोहित देवस्थानम बोर्ड के विरोध में कांग्रेस चलायेगा हस्ताक्षर अभियान
रुद्रप्रयाग। देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर केदारनाथ धाम में तीर्थ पुरोहितों का आंदोलन जारी है। पिछले दो माह से तीर्थ पुरोहित बारिश और धूप में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार से देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग पर अड़े हैं। तीर्थ पुरोहितों का सरकार के विरोध में भाजपा की प्राथमिकता सदस्यता से इस्तीफे का सिलसिला भी जारी है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि अगर सरकार देवस्थानम बोर्ड को भंग नहीं करती है तो विधानसभा चुनाव बहिष्कार किया जायेगा और सरकार को जड़ से उखाड़ फेंका जायेगा। तीर्थ पुरोहितों ने भगवान केदारनाथ से दोबारा सरकार के सत्ता में न आने का अनुरोध के साथ ही श्राप भी दिया।
बता दें कि देवस्थानम् बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर तीर्थ पुरोहित दो वर्षाे से केदारनाथ धाम सहित केदारघाटी के विभिन्न इलाकों में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी एक ही मांग है कि सरकार किसी भी तरह देवस्थानम् बोर्ड को भंग करे। अगर सरकार ऐसा नहीं करती है तो उनका अंदोलन उग्र हो जायेगा और वे सडक़ों पर उतर आयेंगे। तीर्थ पुरोहितों की मांगों का समर्थन कांग्रेस, उक्रांद के साथ ही आम आदमी पार्टी भी कर रही है। विपक्षी पार्टियों को बैठे-बिठाए सरकार के खिलाफ मुद्दा मिल गया है, जिसे वे भुनाने में लगे हुए हैं। अब कांग्रेस देवस्थानम् बोर्ड के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाने जा रही है। साथ ही केदारनाथ से एक प्रदर्शन रैली निकालकर सरकार का विरोध करेगी। वहीं केदारनाथ में तीर्थ पुरोहितों का आंदोलन दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। तीर्थ पुरोहितों का आक्रोश भी सातवें आसमान पर पहुंच गया है। उन्होंने देवस्थानम बोर्ड भंग न होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है। साथ ही भगवान केदारनाथ से दोबारा सरकार के सत्ता में न आने का अनुरोध कर श्राप भी दिया। तीर्थ पुरोहित विष्णुदत्त शुक्ल ने कहा कि देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर दो सालों से आंदोलन चल रहा है। तत्कालीन त्रिवेन्द्र सरकार ने इस बोर्ड का गठन कर तीर्थ पुरोहितों के हक-हकूकों को छीनने का प्रयास किया है। इस बोर्ड को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। सरकार के खिलाफ पुरोहितों का आंदोलन उग्र होने वाले है। जल्द ही जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि भगवान केदारनाथ से भी प्रार्थना की गई है कि इस सरकार को दोबारा सत्ता में नहीं आने दिया जाय। जो सरकार तीर्थ पुरोहितों के साथ खिलवाड़ करेगी, उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। इस मौके पर केदारसभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला, संतोष त्रिवेदी, अंकुर शुक्ला, पवन तिवारी, हिमांशु तिवारी, राजकुमार तिवारी, तेज प्रकाश शुक्ला, सौरभ शुक्ला, ललित शुक्ला, अमित बगवाड़, सुधारी तिवारी, मुकेश बहुगुणा, अशोक तिवारी, चमन नाथ शुक्ला, दीप नारायण शुक्ला सहित सैकड़ों की संख्या में तीर्थ पुरोहित मौजूद थे।

Leave a Reply