पौधरोपण के साथ देखभाल भी बेहद जरूरी : त्रिवेंद्र सिंह रावत

इठारना। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार को हरियाली अमावस्या के पावन पर्व पर डोईवाला विधानसभा के इठारना रेंज में पीपल और बरगद के एक हजार पौधों का रोपण करके पर्यावरण संरक्षण की अपील की। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि महज पौधरोपण से काम नहीं चलेगा, बल्कि पौधों के देखभाल की भी जरूरत है।

पौधरोपण के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने वहां के प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक कर देवाधिदेव महादेव से प्रदेशवासियों के खुशहाली की मंगल कामना की। इसके बाद वे स्थानीय लोगों द्वारा मंदिर परिसर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उनका लक्ष्य एकमात्र विकास करना है। उन्होंने कहा कि जब वे मुख्यमंत्री थे तब भी यही लक्ष्य था और आज भी विकास ही लक्ष्य है। अपने कार्यकाल की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने पूरे उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए काम किया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी उनका लक्ष्य विकास ही रहेगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पहाड़ की समस्याओं से वाकिफ हैं और उनकी पूरी कोशिश होगी कि प्रदेश के अंतिम छोर में बैठे व्यक्ति को भी सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके पहले वहां मौजूद लोगों ने इठारना रेंज में उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया । वक्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा सड़क ,पेय जल तथा विद्यालय निर्माण के कार्यों का जिक्र किया और कहा कि इस क्षेत्र में विकास के लिए कभी भी फंड की कमी पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नहीं होने दी। कार्यक्रम में काफी संख्या में युवक और महिलाएं भी मौजूद थीं। कार्यक्रम के अंत में मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री ने शिरकत किया और प्रसाद ग्रहण किया। उनके साथ देहरादून नगर निगम के मेयर सुनील उनियाल गामा भी मौजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.