चुनावी मोड में आयी कांग्रेस, मैनिफेस्टो कमेटी की पहली बैठक

सभी 13 जिलों के लिए प्रभारी बनाये, नवप्रभात ने संभाला काम

देहरादून। नये अध्यक्ष व चुनावी कमेटियां गठित होते ही कांग्रेस चुनावी मोड में आ गयी है। कमेटियों की बैठकें शुरू हो गयी हैं, जिसमें चुनाव समिति की भी आज पहली बैठक हुई। इसके साथ ही नाराजगी जाहिर कर चुके पूर्व मंत्री नव प्रभात ने भी घोषणा पत्र कमेटी का कामकाज संभाल लिया है।
कांग्रेस चुनाव घोषणा पत्र समिति की पहली बैठक आज समिति के अध्यक्ष पूर्व मंत्री नवप्रभात की अध्यक्षता व प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के संयोजकत्व में सम्पन्न हुई। बैठक के बारे में धस्माना ने बताया कि नवप्रभात ने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि घोषणा पत्र में जनता से जुड़े ज्यादा से ज्यादा मुद्दों को सम्मिलित किया जाय। इसके लिए समिति राज्य में व्यापक स्तर पर हर वर्ग के लोगों तक पहुंच कर उनके विचार आमंत्रित करें।

धस्माना ने बताया कि इसके लिए राज्य के सभी 13 जनपदों के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिये गये हैं। विधायक मनोज रावत को पौड़ी, श्रीमती लक्ष्मी राणा को टिहरी, मातबर सिंह कंडारी को रुद्रप्रयाग, नानक चंद को चमोली, संजय पालीवाल को उत्तरकाशी, मनोज तिवारी को पिथौरागढ़, प्रेमानंद महाजन को चंपावत, मैदन सिंह बिष्ट को बागेश्वर, सतपाल ब्रह्मचारी को नैनीताल व अल्मोड़ा, महेंद्र पाल को ऊधमसिंह नगर उनको मनोज तिवारी सहयोग करेंगे, हाजी सरवियार खान व जगतार सिंह बाजवा हरिद्वार, विधायक फुरखान अहमद देहरादून उनको सूर्यकांत धस्माना सहयोग करेंगे।
धस्माना ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि जिस भी जनपद में प्रभारी समिति के अध्यक्ष व संयोजक को बैठक में सहयोग के लिए बुलाना चाहेंगे उनमें वे शामिल होंगे। धस्माना ने बताया कि सभी प्रभारियों से अपेक्षा की गई है कि हर हाल में 30 अगस्त तक अपने प्रभार वाले जिले में बैठक कर उसकी रिपोर्ट 31 अगस्त तक समिति को सौंप दें। जिससे चुनाव घोषणा पत्र समय पर तैयार किया जा सके और चुनाव से काफी पहले चुनाव घोषणा पत्र जारी कर जनता के बीच ले जाया जा सके। बैठक में विधायक मनोज रावत, विधायक फुरकान अहमद, पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी, पूर्व विधायक मनोज तिवारी, लक्ष्मी राणा, हाजी सरवियार खान व सतपाल ब्रह्मचारी ने प्रतिभाग किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.