घर भीतर आया गुलदार खदेड़ा, चार लोग जख्मी

भिकियासैंण । नगर पंचायत भिकियासैंण के गांधीनगर वार्ड में रविवार मध्यरात्रि गुलदार ने एक घर के अंदर घुसकर चार लोगों पर हमला कर घायल कर दिया है। घायलों की सामूहिक प्रयास से गुलदार भाग गया। इससे बड़ी घटना टल गई। प्रशासन ने वार्ड में पिंजरा लगाने का भरोसा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांधी नगर मोहल्ले में नूरजहां पत्नी साबिर हुसैन का पुत्र आरिश (20) मध्य रात लगभग एक बजे लघुशंका के लिए बाहर गया था। बताया जा रहा है कि घर की छत में घात लगाये बैठा गुलदार ने नीचे कूदकर उस पर हमला कर दिया। युवक चिल्लाते हुए घर के अंदर की ओर भागा तो पीछे से गुलदार भी घर के अंदर घुस गया। लोगों ने साहस कर उसे बाहर खदेड़ने का प्रयास किया। इस दौरान गुलदार ने चार लोगों को जख्मी भी कर दिया। इसमें नूरजहां (60), असलम (27),  रिहाना (39) एवं आरिश (20) शामिल हैं।
सोमवार सुबह चारों लोगों को मोहल्ले के लोग सीएचसी में इलाज के लिये ले गये। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी है। सभी के हाथ जख्मी हैं। उपजिलाधिकारी राहुल शाह, तहसीलदार निशा रानी, रेंजर द्वाराहाट मदन लाल, फारेस्टर सीएस त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया एवं प्रभावित लोगों का हालचाल जाना है। रेंजर ने कहा है कि गुलदार को कैद करने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.