पोंटियानक। भारत की तीसरी वरीय अनमोल खरब का इंडोनेशिया मास्टर्स 2026 में शानदार अभियान सेमीफाइनल में समाप्त हो गया। पश्चिम कालीमंतान के पोंटियानक में शनिवार को खेले गए महिला एकल के सेमीफाइनल मुकाबले में चीन की विश्व नंबर 81 खिलाड़ी शू वेन जिंग ने अनमोल को 21-16, 21-19 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। चीनी खिलाड़ी ने 49 मिनट तक चले मुकाबले में सीधे गेमों में जीत दर्ज की।
अनमोल ने पहले गेम में आक्रामक शुरुआत करते हुए 4-1 की बढ़त बनाई, लेकिन शू वेन जिंग ने जल्द ही वापसी करते हुए स्कोर 4-4 कर दिया। मध्यांतर तक चीनी खिलाड़ी 11-9 से आगे थीं। ब्रेक के बाद अनमोल ने लगातार अंक जुटाकर 12-12 से बराबरी की और 13-12 की बढ़त भी हासिल कर ली। हालांकि शू ने दबाव बनाए रखा और 18-16 की बढ़त बनाने के बाद पहला गेम 21-16 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में अनमोल ने एक बार फिर बेहतर शुरुआत की। उन्होंने 5-2 की बढ़त बनाने के बाद स्कोर 9-4 कर दिया। मध्यांतर तक भारतीय खिलाड़ी 11-7 से आगे थीं। इसके बाद मुकाबले ने रोमांचक मोड़ ले लिया। शू वेन जिंग ने लगातार अंक हासिल करते हुए 11-11 से बराबरी की और 12-11 की बढ़त हासिल कर ली।
अनमोल ने हार नहीं मानी और 13-12 की बढ़त के बाद स्कोर 15-13 किया। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। शू ने वापसी करते हुए 16-16 से बराबरी की। स्कोर 17-17 और 19-19 तक पहुंचने के बाद मुकाबला बेहद करीबी हो गया। निर्णायक क्षणों में शू वेन जिंग ने 20-19 पर मैच प्वाइंट हासिल किया और अगला अंक जीतकर 21-19 से गेम तथा मुकाबला अपने नाम कर लिया।
महिला एकल के दूसरे सेमीफाइनल में भारत की मानसी सिंह का सामना कनाडा की रेचल चान से होगा। भारतीय प्रशंसकों की नजर अब इस मुकाबले पर टिकी है।