चुनौतियों से पार पाने के लिये नयी ऊर्जा के साथ काम करने की जरूरतः अखिलेश

लखनऊ । अपने जन्मदिन के मौके पर समाजवादी पार्टी  के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी को चुनौतियों से पार पाने के लिये नयी ऊर्जा के साथ काम करने की जरूरत है।

यादव ने कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुये कहा  अभी हमारे सामने कई चुनौतियां है और बहुत कुछ करना है। हमारे सामने एक बहुत चतुर किस्म का दल है। वह झूठे वादे करता है। नफरत फैलाता है और समाज को बांटता है। आज जनता ने जो आशीर्वाद दिया है उसेस हम सबके हौसले बुलन्द हुए हैं और नई ऊर्जा मिली है।

उन्होने कहा कि आज किसान संकट में है। तीनों कृषि कानून किसान और खेती विरोधी है। सरकारी नीतियों के कारण नौजवान बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं। उनका भविष्य अंधकारमय है। इधर कोविड के संक्रमण ने भी बहुत तबाही मचाई है। देश- प्रदेश की अर्थव्यवस्था भी चौपट हुई है। मंहगाई की मार से जनता त्रस्त है।

यादव ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में भाजपा ने संविधान की धज्जियां उड़ा दी हैं। उनके संकल्प पत्र में जो वादे किए गए थे, उनको जमीन पर उतारा नहीं गया। जनता की आवाज कुचलने के साथ संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया गया है। उन्होने कहा कि राज्य की जनता परिवर्तन चाहती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.