मुक्केबाज डिंको सिंह का निधन, प्रधानमंत्री ने जताया शोक

इम्फाल। भारतीय मुक्केबाजी को नयी दिशा देने वाले डिंको सिंह कैंसर से लंबे समय तक जूझने के बाद बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 42 साल के थे और 2017 से इस बीमारी से जूझ रहे थे। प्रधानमंत्री  ने ट्वीट में स्टार मुक्केबाज के निधन पर दुख जताते हुए लिखा, डिंको सिंह एक खेल सुपरस्टार और एक उत्कृष्ट मुक्केबाज थे, जिन्होंने कई पुरस्कार जीते और मुक्केबाजी की लोकप्रियता को आगे बढ़ाने में भी योगदान दिया। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।

उल्लेखनीय है कि दिवंगत डिंको सिंह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और उन्हें इलाज के लिए इम्फाल में अपना घर बेचना पड़ा था। उन्होंने 13वें एशियाई खेलों बैंकॉक में 54 किग्रा वर्ग मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय नौसेना में सेवा की थी।  मुक्केबाजी में देश का नाम रोशन करने के लिए उन्हें पद्मश्री और अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

इम्फाल के मुख्यमंत्री एन बिरेन ने शोक संदेश में कहा, ‘आज सुबहडिंको सिंह के निधन के बारे में सुन कर मैं स्तब्ध और बहुत दुखी हूं। पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित डिंको सिंह मणिपुर के अब तक के सबसे उत्कृष्ट मुक्केबाजों में से एक थे। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।

Leave a Reply