मोदी ने देश को किया संबोधित, राज्यों को मुफ्त वैक्सीन मुहैया कराएगी भारत सरकार

नवंबर तक मुफ्त मिलेगा गरीबों को अनाज 

नई दिल्ली। कोरोना संकट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश को संबोधित किया।अपने संबोधन में PM मोदी ने वैक्सीन को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 21 जून,  से देश के हर राज्य में, 18 वर्ष से ऊपर की उम्र के सभी नागरिकों के लिए, भारत सरकार राज्यों को मुफ्त वैक्सीन मुहैया कराएगी।वैक्सीन निमार्ताओं से कुल वैक्सीन उत्पादन का 75 प्रतिशत हिस्सा भारत सरकार खुद ही खरीदकर राज्य सरकारों को मुफ्त देगी।

पीएम मोदी ने ऐलान किया कि राज्यों से वैक्सीनेशन का काम वापस लिया जाएगा और अब केंद्र सरकार ही ये काम करेगी। देश की किसी भी राज्य सरकार को वैक्सीन पर कुछ भी खर्च नहीं करना होगा। अब तक देश के करोड़ों लोगों को मुफ्त वैक्सीन मिली है। अब 18 वर्ष की आयु के लोग भी इसमें जुड़ जाएंगे।

देश में बन रही वैक्सीन में से 25 प्रतिशत, प्राइवेट सेक्टर के अस्पताल सीधे ले पाएं, ये व्यवस्था जारी रहेगी। प्राइवेट अस्पताल, वैक्सीन की निर्धारित कीमत के उपरांत एक डोज पर अधिकतम 150 रुपए ही सर्विस चार्ज ले सकेंगे। 

वैक्सीनेशन को लेकर अफवाहों फैलाने वालों पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री  ने कहा, जब से टीकाकरण की शुरुआत हुई तभी से आम लोगों में शंका पैदा करने की कोशिश की जा रही है। वैक्सीन न लगवाने के लिए अलग-अलग तर्क प्रचारित किए गए. जो लोग वैक्सीन को लेकर आशंका पैदा कर रहे हैं, अफवाहें फैला रहे हैं। वो भोले-भाले भाई बहनों के जीवन के साथ बहुत अन्याय पैदा कर रहे हैं।ऐसी अफवाहों से सतर्क रहने की जरूरत है। आप सबसे मैं अनुरोध करता हूं कि आप भी वैक्सीन को लेकर जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें।

नवंबर तक मुफ्त मिलेगा गरीबों को अनाज

मोदी ने कहा कि सरकार ने फैसला लिया है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को अब दीपावली तक आगे बढ़ाया जाएगा। महामारी के इस समय में, सरकार गरीब की हर जरूरत के साथ, उसका साथी बनकर खड़ी है। यानि नवंबर तक 80 करोड़ से अधिक देशवासियों को, हर महीने तय मात्रा में मुफ्त अनाज उपलब्ध होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.