CM केजरीवाल का बड़ा एलान, दिल्ली में हफ्तेभर का लॉकडाउन

नई दिल्ली : कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर दिल्ली के साथ एनसीआर के शहरों के लोगों के लिए भी बड़ी खबर आई है। कोरोना वायरस के बढ़ते संकट के बीच दिल्ली में आगामी 26 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाया गया है। यह सोमवार रात  10 बजे से लागू होगा और अगले एक सप्ताह तक चलेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने डिजिटल पत्रकार वार्ता के दौरान दिल्ली में लॉकडाउन का एलान किया है। इसके तहत सोमवार रात 10 बजे से लेकर आगामी 26 अप्रैल तक दिल्ली में पूर्ण कर्फ्यू लगाया जा रहा है। सोमवार सुबह उपराज्यपाल अनिल बैजल संग बैठक करने के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में आगामी 26 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने का एलान किया है।

केजरीवाल ने कहा, दिल्ली में चौथी लहर आई है

इसके तहत आगामी 26 अप्रैल तक सामान्य गतिविधियां ठप रहेंगी, लेकिन जरूरी सेवाओं को छूट दी गई है।केजरीवाल ने कहा, दिल्ली में चौथी लहर आई है। तीसरी लहर में रोजाना साढ़े आठ हजार मामले आ रहे थे। दुनिया के कई बड़े शहरों में छह हजार मामलों में हेल्थ सिस्टम चरमरा गया था। अब चौथी लहर में दिल्ली में रोजाना 25 हजार केस आ रहे हैं तो हमारा हेल्थ सिस्टम तनाव में आ गया है। यह अपनी सीमा पर पहुंच गया है। इसके बाद कठोर कदम नहीं उठाए गए तो सिस्टम चरमरा जाएगा। कल एक अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म हो गई। वहां बड़ा हादसा होते-होते बचा।

मुख्यमंत्री ने कहा, उपराज्यपाल के साथ बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा हुई। दिल्ली का हेल्थ सिस्टम अब बड़ी मात्रा में मरीजों को संभालने में सक्षम नहीं है। अगर अभी लॉकडाउन नहीं लगाया तो दिल्ली बुरी स्थिति में पहुंच जाएगी। आज रात 10 बजे से अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक 6 दिन के लिए लॉकडाउन लगाया जा रहा है। जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। खाने-पीने और मेडिकल व्यवस्थाएं जारी रहेंगी। 50 लोगों के साथ शादियां हो सकेंगी। इसके लिए अलग से पास जारी होंगे। प्रवासी मजदूरों से मेरी गुजारिश है कि ये छोटा सा लॉकडाउन है। दिल्ली छोड़कर मत जाइएगा। आने-जाने में ही पूरा समय खर्च हो जाएगा। उम्मीद है यह लॉकडाउन छोटा रहेगा। सरकार आपका ख्याल रखेगी। मैं हूं ना, मुझ पर भरोसा कीजिए।कोरोना के दिल्ली में बढ़ते हुए मामलों की तेजी व दिल्ली में चिकित्सा सुविधाओं की बदतर हालत को देखते हुए दिल्ली की अनेक प्रमुख बाजार एसोसिएशनों ने सोमवार से अपने बाजार स्वयं से बंद रखे जाने की घोषणा की है। इनमें से अनेक बाजार 25 अप्रैल तक बंद रहेंगी, वहीं अन्य अनेक मार्केट ने फिलहाल फौरी तौर पर 21 अप्रैल तक सभी मॉल, जिम, स्पा, ऑडिटोरियम, असेंबली हॉल, एंटरनेटमेंट पार्क बंद रहेंगे।

Leave a Reply