बिहार ज्ञान एवं गौरव की धरती, बुद्ध और महावीर ने पूरी दुनिया को ज्ञान का संदेश दिया

109वें बिहार दिवस कार्यक्रम आयोजित

बिहार के उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने 109वें बिहार दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि बिहार ज्ञान और गौरव की धरती रही है। यहां से बुद्ध और महावीर ने पूरी दुनिया को ज्ञान का संदेश दिया। विश्वप्रसिद्ध नालंदा विश्वविद्यालय ज्ञान का केंद्र रहा। आर्यभट्ट, चाणक्य जैसे विद्वानों की धरती हमारे बिहार का इतिहास गौरवपूर्ण एवं समृद्ध रहा है। उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि बिहार सरकार ने धूमिल और विलुप्त हो रही कई चीजों को संरक्षित एवं संवर्द्धित करने का काम शुरू किया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के आह्वन पर प्रत्येक वर्ष बिहारी अस्मिता और गौरव के लिए उद्घोष के साथ राजकीय समारोह के रूप में बिहार दिवस का आयोजन किया जाता है।

इसे भी पढ़ें:-मुख्यमंत्री ने कहा, बाहर से आने वाले लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री की जानकारी रखें

बेहद खुशी की बात है कि इस वर्ष बिहार दिवस के अवसर पर जल-जीवन-हरियाली का थीम रखा गया है। श्री प्रसाद ने कहा कि बिहार में प्राकृतिक संपदाओं की कमी नहीं है, सिर्फ उसके संरक्षण एवं संवर्धन की जरूरत है और जनभागीदारी के साथ इसे सहेज कर रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के माध्यम से मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में कार्य योजना पर काम चल रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी आने शुरू हो गए हैं। इस अभियान की सफलता के लिए उन्होंने अपनी शुभकामनाएं भी दी। उप मुख्यमंत्री ने आह्वन करते हुए कहा कि बिहारी अस्मिता एवं गौरव के लिए बिहार गीत का गायन प्रत्येक कार्यक्रमों में किया जाना चाहिए, जिससे बिहारवासियों को आत्म चेतना के साथ आत्मगौरव का एहसास हो और यह हमारी पहचान बन सके।

Leave a Reply