मैत्री सेतु का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे उद्घाटन 

Prime Minister Narendra Modiप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नौ मार्च को भारत-बंगलादेश के बीच बने मैत्री सेतु का उद्घाटन करेंगे।पीएमओ की ओर से  बताया गया कि श्री मोदी भारत और बांग्लादेश के बीच फेनी नदी पर बने इस पुल का उद्घाटन मंगलवार को मध्याह्न 12 बजे करेंगे। पीएमओ ने बताया कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के दौरान त्रिपुरा में कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। मैत्री सेतु त्रिपुरा और बंगलादेश की सीमा पर बहने वाली फेनी नदी पर बना है। पीएमओ ने कहा है कि मैत्री सेतु भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते द्विपक्षीय और मैत्रीपूर्ण संबंधों का प्रतीक है। पीएमओ के बयान में बताया गया है कि इस पुल का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग और बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड द्वारा 133 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस पुल की लंबाई 1.9 किलोमीटर है और यह भारत में सबरूम को बांग्लादेश के रामगढ़ से जोड़ता है। पीएमओ ने बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी सबरूम में एकीकृत जांच चौकी स्थापित करने के लिए आधारशिला भी रखेंगे। साथ ही वह अगरतला स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बने एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र का भी उद्घाटन करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.