लालू ने नीतीश कुमार पर किया कटाक्ष

पटना :   नीतीश कुमार के समुद्र के किनारे नहीं होने से राज्य में उद्योग स्थापित नहीं हो पाने के तर्क पर लालू प्रसाद यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब प्रदेश में  हिंद महासागर लाएं क्या। लालू के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भोजपुरी भाषा में किए गए ट्वीट में कहा गया, ‘‘बिहार में अब हिंद महासागर भेजा जाए क्या। पंद्रह सालों की नाकामी को केवल गाल बजाकर छुपाएंगे क्या। नीतीश कुमार, आप थक गए हैं, अब जाकर आराम कीजिए (बिहार में अब हिंद महासागर भेजऽल जाओ का पंद्रह बरस के नाकामी के खाली गाल बजा के छिपाइबा? ए नीतीश! तू थक गईल बाऽडा अब जा आराम करऽअ)। श्री यादव के ट्वीट के साथ पोस्ट किए गए एक कार्टून में कुछ लोग घड़े में पानी लेकर जा रहे हैं। उनसे एक व्यक्ति पूछता है, ‘‘ई पानी लेकर कहां जा रहे हो भाई, कहीं आग लगी है क्या। इस पर वह जवाब देते हैं कि समुंदर बनाने जा रहे हैं, बिहार में नीतीश जी कहते हैं समुंदर दो तब कारखाना लगाउंगा। गौरतलब है कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अभी हाल ही में एक चुनावी सभा में कहा था, बिहार में उद्योगों के नहीं आने की बड़ी वजह समुद्र किनारे का नहीं होना है। जो लोग उद्योग लगाते हैं, वह कहां लगाते हैं। उन राज्यों में जो समुद्र के किनारे हैं। बिहार तो स्थलरुद्ध प्रदेश हैं।

Leave a Reply