राजपुर में STF की बड़ी कार्रवाई: सुनील राठी गैंग के दो शातिर अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड में सक्रिय अपराधियों और बाहरी राज्यों से जुड़े आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उत्तराखंड पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने देहरादून के राजपुर क्षेत्र से कुख्यात सुनील राठी गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर पूरे प्रदेश में सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों, घुसपैठियों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसटीएफ और दून पुलिस को तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर अहम जानकारी मिली।

26 फरवरी को राजपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन सवार भानू चौधरी पुत्र आलोक कुमार और पारस पुत्र जगपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ थाना राजपुर में बीएनएस की धारा 111(3) और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पारस पहले कुख्यात गैंगस्टर मुख्तार अंसारी और संजीव जीवा गिरोह से जुड़ा रहा है और प्रमुख शूटर के रूप में काम कर चुका है। दोनों गैंगस्टरों की मौत के बाद वह सुनील राठी गिरोह में शामिल हो गया था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी हरिद्वार और देहरादून की बेशकीमती विवादित जमीनों में हस्तक्षेप कर राठी के लिए उगाही का काम कर रहे थे। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक कनेक्शनों की जांच में जुटी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.