हल्द्वानी। लालकुआं क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार के विरोध में मंगलवार को तहसील परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन की कथित निष्क्रियता के विरोध में आंख, कान और मुंह पर काली पट्टी बांधकर पांच मिनट का मौन रख अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
‘एक युद्ध–नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं और सामाजिक संगठनों ने बढ़ते नशे के कारोबार पर चिंता जताई। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम प्रमोद कुमार को सौंपा गया। ज्ञापन में लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में विशेष एंटी-नारकोटिक्स अभियान चलाने, नियमित छापेमारी, नशे की सप्लाई चेन की उच्चस्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
संघर्ष समिति के संयोजक पीयूष जोशी ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पूर्व विधायक नवीन दुम्का ने भी प्रदर्शन को समर्थन देते हुए नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी, हरेंद्र बोरा, दीपक पांडे और व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे सहित कई वक्ताओं ने युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए निर्णायक कार्रवाई की मांग की।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही एंटी ड्रग्स टास्क फोर्स गठित कर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने नशामुक्त लालकुआं के संकल्प को दोहराया।