रुद्रपुर को टॉप-10 में लाने की तैयारी, नगर निगम का बड़ा एक्शन प्लान तैयार

रुद्रपुर।  स्वच्छ सर्वेक्षण की राष्ट्रीय रैंकिंग में लंबी छलांग लगाने के उद्देश्य से नगर निगम रुद्रपुर ने व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है। नगर निगम सभागार में महापौर की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक में अधिकारियों, कर्मचारियों और पार्षदों ने मिलकर शहर को देश के टॉप-10 स्वच्छ शहरों की सूची में शामिल कराने का लक्ष्य तय किया।

पिछले सर्वेक्षण में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान और राष्ट्रीय स्तर पर 69वीं रैंक प्राप्त करने के बाद निगम अब नई ऊंचाइयों को छूने की तैयारी में है। महापौर ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहर के सम्मान और स्वास्थ्य से जुड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने सभी पार्षदों और नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।

नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के लिए तैयार विस्तृत कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न वार्डों के बीच ‘स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्डों के पार्षदों और सुपरवाइजरों को सम्मानित किया जाएगा।

शहर के सौंदर्यकरण के तहत 10 थीम आधारित सेल्फी प्वाइंट विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा वार्ड 28 और रुद्रा वेंडिंग जोन में ट्विन बिन लगाए जाएंगे, जिससे कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण और निस्तारण सुनिश्चित हो सके।

जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक, क्विज और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बैठक में मयंक कुमार ने कचरा पृथक्करण और घर पर खाद बनाने की प्रक्रिया समझाई।

बैठक के अंत में सभी पार्षदों और अधिकारियों ने रुद्रपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.