अंतर–विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में श्रीदेव सुमन विवि का दबदबा, एथलेटिक्स से कबड्डी तक जीते खिताब

ऋषिकेश।  राज्य स्तरीय अंतर–विश्वविद्यालय प्रतियोगिता 2025–26 में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न खेल स्पर्धाओं में पदक और खिताब अपने नाम किए। यह प्रतियोगिता गोविन्द बल्लभ पन्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के कई विश्वविद्यालयों ने भाग लिया।

विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव डॉ. पुष्कर गौड़ ने बताया कि एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का प्रदर्शन अत्यंत प्रभावशाली रहा। 400 मीटर पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीता गया, जबकि 100 मीटर और 800 मीटर पुरुष वर्ग में रजत पदक हासिल हुए। 5000 मीटर पुरुष और महिला वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त कर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। फील्ड इवेंट्स में भी टीम ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। भाला फेंक महिला वर्ग में रजत पदक तथा गोला फेंक पुरुष वर्ग में कांस्य पदक जीतकर टीम ने मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

टीम खेलों में भी विश्वविद्यालय का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। टेबल टेनिस पुरुष वर्ग में पंतनगर विश्वविद्यालय को हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की गई। महिला वर्ग में दून विश्वविद्यालय को पराजित कर विजय हासिल की गई। बैडमिंटन पुरुष वर्ग में कुमाऊँ विश्वविद्यालय को हराकर टीम ने शानदार जीत दर्ज की।

फाइनल मुकाबलों में वॉलीबॉल महिला वर्ग, फुटबॉल पुरुष वर्ग, कबड्डी महिला एवं पुरुष वर्ग में विश्वविद्यालय की टीमों ने विजेता का खिताब जीता। वहीं वॉलीबॉल पुरुष वर्ग में टीम उपविजेता रही।

कुलपति प्रो. एन. के. जोशी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। कुलसचिव दिनेश चंद्रा ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी खिलाड़ी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करते रहेंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.