After Header-1

देहरादून अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाएं स्टॉक में रखने के सख्त आदेश

देहरादून में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने जिला चिकित्सालय कोरोनेशन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माणाधीन ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को 15 मार्च 2026 तक हर हाल में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश भी जारी किए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने सेंट्रल पैथोलॉजी का समय बढ़ाने के निर्देश दिए। अब यह लैब सुबह 11 बजे के बजाय 12 बजे तक संचालित होगी, जिससे अधिक मरीजों को जांच सुविधा मिल सके। इसके अलावा अस्पताल में संचालित चंदन लैब का भी निरीक्षण किया गया। अनुबंध के अनुसार 24×7 सेवाएं देने की शर्त के बावजूद रात्रि में लिए गए सैंपलों का स्पष्ट विवरण उपलब्ध न होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।

डीएम ने पिछले तीन माह के दिन और रात में लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट तलब की है। अनुबंध की शर्तों का पालन न करने पर आधा भुगतान रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं। उप जिलाधिकारी सदर, प्रभारी अधिकारी स्वास्थ्य और मुख्य चिकित्साधिकारी को मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक मन्नू जैन सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.