देहरादून। राजधानी में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर ‘दिव्य कला मेला’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। भारत सरकार द्वारा संचालित नेशनल हैंडीकैप्ड फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के तत्वावधान में यह मेला 21 फरवरी 2026 से 1 मार्च 2026 तक रेंजर ग्राउंड, देहरादून में आयोजित किया जाएगा।
इस मेले का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सीधे बाजार और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। कार्यक्रम में प्रदेश के 13 जनपदों से दिव्यांगजन भाग लेंगे और अपने उत्पादों तथा कौशल का प्रदर्शन विभिन्न स्टालों के माध्यम से करेंगे। इसके अलावा अन्य राज्यों से आने वाले दिव्यांग कलाकार और कारीगर भी अपने हस्तशिल्प और कलात्मक उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री करेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि मेले में केवल उत्पादों की प्रदर्शनी ही नहीं होगी, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी। दिव्यांग कलाकार अपनी प्रतिभा का मंच से प्रदर्शन करेंगे, जिससे लोगों को उनकी क्षमताओं का प्रत्यक्ष अनुभव मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि देहरादून के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं भी मेले में सहभागिता करेंगे। इससे युवाओं को दिव्यांगजनों के हुनर, आत्मनिर्भरता और संघर्ष की प्रेरक कहानियों से सीखने का अवसर मिलेगा।
प्रशासन का मानना है कि यह मेला दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज में समावेशिता और समान अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। रेंजर ग्राउंड में आयोजित होने वाला यह दस दिवसीय आयोजन राजधानीवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।