देहरादून। माता के निधन के बाद उत्तरजीवी प्रमाण पत्र के लिए करीब चार वर्षों से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगा रही खुड़बुड़ा निवासी तान्या सिंघल को आखिरकार जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से राहत मिल गई।
तान्या सिंघल ने जिलाधिकारी सविन बंसल को प्रार्थना-पत्र देकर अवगत कराया कि उनकी माता का निधन दिसंबर 2022 में हो गया था। नगर निगम के संपत्ति रजिस्टर में अपना नाम दर्ज कराने के लिए उन्हें उत्तरजीवी प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी, लेकिन लंबे समय से प्रयास करने के बावजूद उनका कार्य पूरा नहीं हो पा रहा था।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल तहसीलदार सदर को मामले की जांच कर शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में संबंधित अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभिलेखों का परीक्षण किया और आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर 29 जनवरी को ही तान्या सिंघल को उत्तरजीवी प्रमाण पत्र जारी कर दिया।
प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद तान्या ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर आभार व्यक्त किया और प्रशासन की संवेदनशीलता एवं तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित यह कार्य एक ही दिन में पूरा होना उनके लिए बड़ी राहत है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नागरिकों से जुड़े प्रमाण-पत्रों एवं अन्य सेवाओं के मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उसकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।