केंद्रीय कर्मचारियों के लिए खास सैलरी पैकेज! देहरादून में पीएनबी का विशेष कैंप

देहरादून।  सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंक पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) द्वारा वित्त मंत्रालय के अंतर्गत वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) में सैलरी अकाउंट फैसिलिटेशन कैंप का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य केंद्र सरकार के कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल पर ही सुगम और निर्बाध बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।

डीएफएस की पहल पर आयोजित इस कैंप में केंद्रीय कर्मचारियों को विशेष ‘कस्टमाइज्ड सैलरी पैकेज’ की जानकारी दी गई। बताया गया कि सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों ने मिलकर ऐसे वेतन खाता पैकेज तैयार किए हैं, जिनमें बैंकिंग सुविधा के साथ वित्तीय सुरक्षा, बीमा संरक्षण और अन्य मूल्य वर्धित सेवाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम में डीएफएस सचिव श्री एम. नागराजू और पीएनबी के एमडी एवं सीईओ श्री अशोक चंद्र ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित किया। इस अवसर पर डीएफएस की संयुक्त सचिव श्रीमती शालिनी पंडित, संयुक्त सचिव श्री मनोज मुत्ताथिल अय्यप्पन, डीडीजी श्री चंद्रदीप कुमार झा तथा पीएनबी के कार्यपालक निदेशक श्री बिभु प्रसाद महापात्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

डीएफएस सचिव एम. नागराजू ने कहा कि यह पहल केंद्र सरकार के कर्मचारियों तक वित्तीय सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों द्वारा समन्वित रूप से विकसित एकीकृत बैंकिंग समाधान की सराहना करते हुए कर्मचारियों से इन सुविधाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।

पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने कहा कि व्यापक सैलरी अकाउंट पैकेज कर्मचारियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह कैंप कर्मचारी-केंद्रित बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.