पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की प्रबंधन परिषद के सदस्य एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर ठेका कर्मियों और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण के साथ विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक का मुख्य मुद्दा विश्वविद्यालय में कार्यरत ठेका मजदूरों को प्रत्येक माह पूर्ण कार्य दिवस उपलब्ध कराना रहा। पूर्व विधायक शुक्ला ने कहा कि कोविड काल के दौरान मजदूरों को नौकरी से हटाने के बजाय उनके कार्य दिवसों में कटौती की गई थी, लेकिन बाद में उन्हें पूर्ववत नहीं किया गया। इसका सीधा असर मजदूरों की आजीविका पर पड़ा है और कई परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में कुछ विभागों में मजदूरों को पूरे कार्य दिवस दिए जा रहे हैं, जबकि अन्य विभागों में यह व्यवस्था लागू नहीं है। उन्होंने अधिकारियों से सभी विभागों में समान रूप से पूर्ण कार्य दिवस सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की।
इसके अतिरिक्त बैठक में नगर पालिका द्वारा बड़ी और छोटी मार्केट के पार्कों के सौंदर्यकरण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने तथा पंतनगर के आवासीय मजदूर ब्लॉकों में विकास कार्यों की अनुमति प्रदान करने पर भी चर्चा हुई। पूर्व विधायक ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए इन कार्यों को शीघ्र स्वीकृति मिलनी चाहिए।
उन्होंने भरोसा जताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर सकारात्मक कदम उठाएगा। बैठक में मंडल अध्यक्ष पिंकी डिमरी एवं नगला नगर पालिका अध्यक्ष सचिन शुक्ला भी उपस्थित रहे।