देहरादून। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इन्हीं निर्देशों के तहत **कोतवाली ऋषिकेश** की पुलिस टीम ने 15 फरवरी 2026 को देहरादून रोड स्थित फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान राम खेलावन सिंह उर्फ अभिषेक (22 वर्ष) निवासी जनपद बलिया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 3 किलो 93 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना ऋषिकेश में मु0अ0सं0-68/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह गांजा गाजियाबाद के एक व्यक्ति से खरीदकर लाया था। उसका इरादा स्थानीय नशे के आदी लोगों को इसे बेचने का था। पुलिस अब सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।