दून मेडिकल कॉलेज बनेगा एबीडीएम मॉडल अस्पताल, अब QR कोड से होगा रजिस्ट्रेशन

देहरादून।  राजकीय दून मेडिकल कॉलेज को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के तहत मॉडल फैसिलिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। इस संबंध में राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण और कॉलेज प्रशासन की संयुक्त बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उद्देश्य है कि मरीजों को लंबी कतारों से राहत मिले और डिजिटल माध्यम से पंजीकरण व भुगतान की सुविधा सुचारू रूप से लागू हो सके।

बैठक की अध्यक्षता चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने की। एबीडीएम की प्रबंधक प्रज्ञा पालीवाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के निर्देशानुसार दून मेडिकल कॉलेज को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की मॉडल इकाई बनाया जाना है। इसके तहत मरीज क्यूआर कोड स्कैन कर ‘स्कैन एंड शेयर’ और ‘स्कैन एंड पे’ सुविधा के माध्यम से पंजीकरण और भुगतान कर सकेंगे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि अस्पताल परिसर में क्यूआर कोड आधारित पंजीकरण के लिए अलग से काउंटर स्थापित किया जाएगा। साथ ही अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को डिजिटल सुविधाओं की जानकारी देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

कार्मिकों के लिए हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (एचपीआर) को अनिवार्य करने पर भी जोर दिया गया, ताकि डिजिटल रिकॉर्ड प्रणाली को मजबूत बनाया जा सके। अधिकारियों ने कहा कि इस पहल से अस्पताल की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी और सुगम होगी।

बैठक में अस्पताल प्रशासन और राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के कई अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.