After Header-1

क्या सच में शिव ही हैं ब्रह्मा-विष्णु-महेश के भी रचयिता? जानिए महाशिवरात्रि का गूढ़ रहस्य

देहरादून। महाशिवरात्रि केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, आत्मबोध और सकारात्मक परिवर्तन का संदेश देने वाला पावन पर्व है। इस वर्ष फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष चतुर्दशी को 15 फरवरी को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। इस दिन भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना, व्रत और जलाभिषेक का विशेष महत्व माना गया है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि सच्चे भाव से शिवलिंग पर जल अर्पित करने मात्र से भोलेनाथ प्रसन्न होकर मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।

महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह देहरादून स्थित ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र, सुभाष नगर में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। उनके साथ गुरुग्राम के ओम शांति रिट्रीट सेंटर की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा दीदी भी उपस्थित रहेंगी। संस्था के नवदशमोत्सव कार्यक्रम को लेकर सेवा केंद्र में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

आध्यात्मिक मान्यताओं के अनुसार शिव केवल एक देवता नहीं, बल्कि परमपिता परमात्मा के रूप में निराकार, ज्योति बिंदु स्वरूप हैं। शिव को सत्यम, शिवम, सुंदरम का प्रतीक माना गया है। जब समाज में अधर्म, अन्याय, क्रोध, लोभ और अहंकार बढ़ जाते हैं, तब परमात्मा स्वयं मानव को सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। यह चक्र सतयुग से लेकर कलियुग तक चलता है और जब कलियुग के अंत का समय आता है, तब संगम युग में आत्माओं के कल्याण हेतु ईश्वरीय ज्ञान प्रदान किया जाता है।

धार्मिक ग्रंथों में उल्लेख है कि शिव ही देवों के देव महादेव हैं। वे जन्म-मरण से परे, निराकार और परमधाम के वासी माने गए हैं। ज्योतिर्लिंग के रूप में उनकी पूजा पूरे विश्व में की जाती है। शिवलिंग का अर्थ ‘चिन्ह’ या ‘प्रतीक’ है, जो शिव के निराकार स्वरूप की स्मृति दिलाता है। ध्यानमूर्ति के रूप में शिव की आराधना आत्मशांति और आत्मबल प्रदान करती है।

इतिहास और पुराणों में भी शिव की महिमा वर्णित है। कहा जाता है कि श्रीराम ने रामेश्वरम में शिव पूजा की थी और श्रीकृष्ण ने महाभारत युद्ध से पूर्व शिव स्तुति की। इससे स्पष्ट होता है कि शिव सर्वोच्च शक्ति के रूप में पूजनीय हैं। विभिन्न धर्मों में भी परमात्मा को ज्योति या नूर के रूप में स्वीकारा गया है।

महाशिवरात्रि का वास्तविक संदेश बाहरी अनुष्ठानों से अधिक आंतरिक परिवर्तन से जुड़ा है। ‘ॐ नमः शिवाय’ का जप केवल शब्द नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि का माध्यम है। जब मनुष्य अपने भीतर के विकारों—क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार—को त्यागकर पवित्रता, सत्य और करुणा को अपनाता है, तभी शिव तत्व का अनुभव संभव होता है।

यह पर्व हमें स्मरण कराता है कि बुराई छोड़कर अच्छाई अपनाना ही सच्ची शिव आराधना है। आत्मचिंतन, संयम और सदाचार के मार्ग पर चलकर ही मानव जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.