हजारीबाग में आधी रात का कहर, हाथियों के झुंड ने घर में घुसकर 6 लोगों को रौंदा

झारखंड के हजारीबाग जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। अंगो थाना क्षेत्र और चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव में हाथियों के झुंड ने घरों में घुसकर छह लोगों को कुचलकर मार डाला। मृतकों में एक साल के मासूम से लेकर 50 वर्ष से अधिक आयु के लोग शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच पांच हाथियों का झुंड गांव में पहुंचा। ग्रामीण उस समय अपने घरों में सो रहे थे। हाथियों ने एक घर का गेट उखाड़ दिया और अंदर घुसकर सो रहे लोगों को रौंद डाला। इस हमले में सुमन कुमारी (26), धनेश्वर राम (52), सूरज राम (50), सविता देवी (25) और दो छोटे बच्चे अनुराग राम (1) व संजना कुमारी (3) की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का यह झुंड पिछले एक माह से क्षेत्र में विचरण कर रहा था। वन विभाग समय-समय पर अलर्ट जारी कर रहा था, लेकिन प्रभावी समाधान नहीं हो सका।

पूर्वी वन प्रमंडल के डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि विभाग पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि रामगढ़ और गोमिया प्रखंड में भी हाल के दिनों में हाथियों के हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.