देहरादून। राज्यस्तरीय मुख्यमंत्री फेंसिंग चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025-26 में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 24 पदक अपने नाम किए। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में 8 से 10 फरवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में 250 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। एसबीपीएस के तलवारबाजों ने 7 स्वर्ण, 6 रजत और 11 कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा।
बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि स्कूल और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फेंसिंग एकादमी के कोच प्रदीप कोठारी के अनुसार अंडर-14 गर्ल्स वर्ग में प्राकाम्या कोठारी ने सबरी में गोल्ड मेडल जीता। आनंदिता सैनी ने फॉयल में स्वर्ण, जबकि सुनयना बिष्ट और मन्नत मनराल ने रजत पदक हासिल किया। अंडर-14 बॉयज वर्ग में अक्षत कुमार ने फॉयल में गोल्ड, आर्यांश ने सबरी में सिल्वर और मंथन पंत ने ब्रांज जीता।
अंडर-19 बॉयज में शौर्य गैरोला ने फॉयल में स्वर्ण और आदित्य थपलियाल ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-19 गर्ल्स वर्ग में भावना टाकुली ने एपी में गोल्ड, सायना बिष्ट ने फॉयल में स्वर्ण और आकांक्षा राठौर ने सबरी में गोल्ड जीतकर स्कूल का नाम रोशन किया।
एसबीपीएस के खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है।