राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गंगापुर थाना क्षेत्र के आलोली गांव में शादी समारोह से लौटे मजदूरों ने शराब समझकर बर्तन साफ करने वाला जहरीला केमिकल पी लिया, जिससे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी रतन कंजर अपनी पत्नी सुशीला देवी और अन्य परिजनों के साथ एक शादी समारोह में बर्तन धोने और साफ-सफाई का काम करने गए थे। समारोह में बर्तन चमकाने के लिए एक विशेष रसायन मंगवाया गया था। काम खत्म होने के बाद मजदूर उस केमिकल की बोतलें गलती से अपने साथ घर ले आए। घर पहुंचने पर उन्होंने उसे शराब समझकर पी लिया।
कुछ ही मिनटों में सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। पेट में जलन, उल्टियां और बेहोशी के लक्षण सामने आए। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान जमनी देवी, रतन, उनकी पत्नी सुशीला और शंकर कंजर की मौत हो गई। रास्ते में बदामी देवी ने भी दम तोड़ दिया। वहीं 22 वर्षीय सनू की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतकों के पेट में जहरीला तरल पाया गया। अंतिम पुष्टि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद होगी।
पुलिस ने संबंधित बोतल जब्त कर ली है और केमिकल बेचने वाले दुकानदार से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में चेतावनी लेबल नहीं होने की बात सामने आई है।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने गांव में स्वास्थ्य जांच के निर्देश दिए हैं और मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।