सहसपुर को बड़ी सौगात: 12 करोड़ की लागत से सड़कों का होगा चौड़ीकरण

देहरादून। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी विकास सौगात दी है। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत मीठीबेरी से परवल होते हुए चांदनी चौक तक तथा परवल से विज्ञान धाम झाझरा तक बनने वाले मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के द्वितीय चरण (किमी 1 से 10) का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना पर 1203.40 लाख रुपये की लागत आएगी।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने सहसपुर क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। भाऊवाला में पेयजल आपूर्ति के लिए नलकूप निर्माण, नगर निगम क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने हेतु दरू चौक से केशववाला नदी तक नाला निर्माण, आर्केडिया बड़ोवाला पार्क के पास मोक्षधाम का निर्माण और आसनपुर से श्मशान घाट तक पुस्ता एवं सड़क निर्माण की घोषणा की गई।

इसके अलावा ठाकुरपुर के अंतर्गत उमेदपुर व परवल में आसन नदी के किनारे कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए पुस्ता निर्माण, वार्ड संख्या 93 बड़ोवाला आवासीय क्षेत्र की सुरक्षा तथा पौंधा में श्मशान घाट सड़क निर्माण और भूमि कटाव रोकने के लिए भी कार्य स्वीकृत किए गए।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड समावेशी विकास में अग्रणी राज्य बनकर उभर रहा है। मातृशक्ति सशक्तिकरण और युवाओं के हित में राज्य सरकार निरंतर योजनाएं संचालित कर रही है।

विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास और सुशासन की दिशा में नए आयाम स्थापित कर रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.