After Header-1

रानीखेत में लोनिवि मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन बहिष्कार चौथे दिन भी जारी

रानीखेत। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा। लंबित मांगों के समाधान को लेकर कर्मचारी आंदोलनरत हैं और विभागीय कार्यों से दूरी बनाए हुए हैं।

प्रांतीय संगठन के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन के तहत कर्मचारियों ने लोनिवि विश्राम भवन प्रांगण में धरना-प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अल्मोड़ा नवल पंत ने की। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार और विभागीय अधिकारियों से शीघ्र समाधान की मांग की।

आंदोलनरत कर्मचारियों का कहना है कि उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। कर्मचारियों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं, लेकिन यदि आवश्यकता पड़ी तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

धरने में प्रांतीय उपाध्यक्ष संतोष मेहता, क्षेत्रीय अध्यक्ष कुमाऊं अमित सागुड़ी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी, सुंदर सिंह बिष्ट, रमेश सिंह कैड़ा, भूपेंद्र सिंह रौतेला, राजेंद्र प्रसाद, नवीन जोशी और कैलाश तिवारी सहित प्रांतीय खंड, निर्माण खंड और राष्ट्रीय राजमार्ग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

आंदोलन के चलते विभागीय कार्य प्रभावित होने लगे हैं। कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए स्पष्ट किया कि वे अपने अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। अब सभी की निगाहें शासन और विभागीय स्तर पर होने वाली अगली पहल पर टिकी हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.