तमिलनाडु चुनाव से पहले चेन्नई में एक्शन मोड में निर्वाचन आयोग, किन मुद्दों पर होगी हाईलेवल समीक्षा?

चेन्नई (तमिलनाडु),  तमिलनाडु में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग की एक उच्चस्तरीय टीम आज रात दिल्ली से चेन्नई पहुंच रही है। इस टीम का नेतृत्व उप चुनाव आयुक्त भानु प्रकाश कर रहे हैं।

निर्वाचन आयोग की यह टीम 12 और 13 फरवरी को राज्य के चुनावी इंतजामों की विस्तृत समीक्षा करेगी। दौरे की शुरुआत मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक के साथ परामर्श बैठक से होगी, जिसमें चुनावी तैयारियों, मतदाता सूची, ईवीएम प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी।

इसके बाद आयकर विभाग, सीमा शुल्क विभाग, पुलिस, रेलवे, अर्धसैनिक बल, डाक विभाग और नागरिक उड्डयन विभाग सहित 20 से अधिक विभागों के समन्वय अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में चुनाव के दौरान नकदी और अवैध सामग्री की आवाजाही पर निगरानी, सुरक्षा प्रबंधन और प्रशासनिक तालमेल को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।

दौरे के दूसरे दिन उप चुनाव आयुक्त सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (जिलाधिकारियों) के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके अतिरिक्त सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ भी विशेष बैठक निर्धारित है। इन बैठकों में उन विधानसभा क्षेत्रों और मतदान केंद्रों की पहचान व समीक्षा की जाएगी, जहां कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका है।

निर्वाचन आयोग का यह दौरा आगामी चुनावों को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आयोग विशेष रूप से संवेदनशील और अति-संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखेगा, ताकि मतदाताओं को सुरक्षित माहौल में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिल सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.