शिक्षा से आत्मनिर्भर उत्तराखंड का सपना: धामी–योगी ने बताए विकास और संस्कार के सूत्र

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विद्या मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है, जो न केवल रोजगार दिलाने का माध्यम है बल्कि संस्कार, चेतना और नैतिक मूल्यों के निर्माण की आधारशिला भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा को समावेशी विकास का सशक्त माध्यम मानते हुए निरंतर सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और नवाचार पर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार द्वारा 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार प्रदान किए गए हैं। यह सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सुशासन की नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि हाल ही में निर्मित इंटर कॉलेज भवन क्षेत्र के शैक्षिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प सेवा, सुशासन और विकास के मूल मंत्र पर आधारित है। शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण ही सरकार का दीर्घकालिक लक्ष्य है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि वे आज सुरक्षा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भौतिक विकास जीवन का अंतिम उद्देश्य नहीं है, बल्कि यह केवल आवश्यकताओं की पूर्ति का साधन है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसमें संस्कार, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का समावेश भी आवश्यक है।

योगी आदित्यनाथ ने प्राचीन गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त आधारशिला रही है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की चर्चा करते हुए कहा कि इसमें व्यवहारिक और कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा में नवाचार से गांवों का समग्र विकास होगा और पलायन जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।

उन्होंने आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि दूसरों पर निर्भर रहने की प्रवृत्ति से ऊपर उठकर ही सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.