After Header-1

T20 वर्ल्ड कप 2026 में कमेंट्री का महासंग्राम, शास्त्री-स्मिथ की अगुआई में दिग्गजों की फौज

दुबई, आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू हो रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए आईसीसी ने स्टार खिलाड़ियों और दिग्गज विशेषज्ञों से सजा भव्य कमेंट्री पैनल घोषित कर दिया है। इस हाई-प्रोफाइल पैनल की अगुआई रवि शास्त्री, नासिर हुसैन, इयान स्मिथ और इयान बिशप जैसे अनुभवी कमेंटेटर करेंगे।

आईसीसी के अनुसार, टूर्नामेंट के 10वें संस्करण में खेले जाने वाले कुल 55 मुकाबलों के दौरान दर्शकों को न सिर्फ मैदान पर रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा, बल्कि कमेंट्री बॉक्स से भी ज्ञान, अनुभव और जोश से भरपूर आवाजें सुनाई देंगी। इस पैनल में कई पूर्व टी20 वर्ल्ड कप विजेता और मौजूदा दौर के चर्चित नाम शामिल किए गए हैं।

कमेंट्री टीम में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एरॉन फिंच, भारत के दिनेश कार्तिक, श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगकारा, वेस्टइंडीज के सैमुअल बैड्री और कार्लोस ब्रैथवेट, साथ ही रॉबिन उथप्पा जैसे दिग्गज शामिल हैं। खास बात यह है कि मौजूदा दक्षिण अफ्रीकी कप्तान और आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप विजेता टेम्बा बावुमा भी कमेंट्री बॉक्स में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।

इसके अलावा 2014 टी20 वर्ल्ड कप विजेता श्रीलंका के अनुभवी ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज भी इस प्रतिष्ठित पैनल का हिस्सा होंगे। सुनील गावस्कर, मैथ्यू हेडन, वसीम अकरम, हर्षा भोगले, डैनी मॉरिसन और माइकल एथर्टन जैसे नाम इस कमेंट्री टीम को और भी खास बनाते हैं।

इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन भारत पर सभी की निगाहें टिकी होंगी। टीम इंडिया तीसरी बार खिताब जीतने और ट्रॉफी का सफल बचाव करने वाली पहली टीम बनने के इरादे से मैदान में उतरेगी। भारत ने अक्टूबर 2023 के बाद खेले गए 56 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से 48 में जीत दर्ज की है, जिससे उसका आत्मविश्वास चरम पर है।

भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ ग्रुप-स्टेज मुकाबले से करेगी।🏏📺

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.