देहरादून।मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के उच्चीकरण का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना के शीघ्र ही जनता को समर्पित होने की संभावना है, जिससे न केवल रायपुर बल्कि देहरादून और टिहरी जिले के हजारों लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
जिलाधिकारी **सविन बंसल** ने जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर सीएचसी में **ग्राउंड प्लस पाँच मंजिला** अत्याधुनिक भवन का निर्माण अंतिम चरण में है। नए भवन के शुरू होने के बाद यह स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण “हेल्थ लाइफ लाइन” के रूप में उभरेगा, जिससे मरीजों को इलाज के लिए दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
नव निर्मित भवन में **20 अतिरिक्त बेड** की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही ओपीडी कक्ष, आधुनिक पैथोलॉजी लैब, डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड सुविधा, दवा वितरण केंद्र, टीकाकरण इकाई तथा **24 घंटे आपातकालीन सेवाएं** उपलब्ध कराई जाएंगी।
ग्राउंड फ्लोर पर पंजीकरण काउंटर, ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं के लिए 4 बेड की व्यवस्था की गई है। वहीं ऊपरी मंजिलों पर पुरुष मरीजों के लिए 8 बेड, महिला मरीजों के लिए 10 बेड और 4 प्राइवेट बेड बनाए गए हैं।
नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के लिए सीएचसी में **नवजात शिशु स्थिरीकरण इकाई (NBSU)** भी स्थापित की गई है, जिसमें 4 बेड की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे गंभीर स्थिति में जन्मे नवजातों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, प्रशिक्षण सत्रों और कार्यशालाओं के आयोजन के लिए **कॉन्फ्रेंस हॉल और मीटिंग हॉल** की भी व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भवन में लिफ्ट, रैंप और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
प्रशासन का मानना है कि रायपुर सीएचसी का उच्चीकरण क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा और आमजन को गुणवत्तापूर्ण उपचार सुलभ कराएगा।