हरिद्वार,
सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाह किस हद तक खतरनाक हो सकती है, इसकी एक डरावनी तस्वीर हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र से सामने आई है। यहां एक युवक ने कुछ लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए अपनी जान को दांव पर लगाते हुए हाईवे पर बने एक ऊंचे पुल पर खतरनाक स्टंट कर डाला। युवक का यह दुस्साहस अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोगों को हैरान कर रहा है।
वायरल वीडियो रुड़की के सालियर–मंगलौर बाईपास का बताया जा रहा है। यहां एक लोहे का ऊंचा पुल है, जिसके नीचे से नेशनल हाईवे गुजरता है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुल के नीचे तेज रफ्तार वाहन दौड़ रहे हैं, जबकि ऊपर पुल के संकरे लोहे के गार्डर पर एक युवक खड़ा होकर बेखौफ अंदाज में डांस करता नजर आ रहा है।
युवक न तो अपनी सुरक्षा की परवाह करता दिख रहा है और न ही कानून का कोई डर उसके चेहरे पर दिखाई देता है। अगर उसका पैर जरा सा भी फिसल जाता या संतुलन बिगड़ता, तो परिणाम बेहद भयावह हो सकते थे। बावजूद इसके, दिनदहाड़े यह खतरनाक तमाशा चलता रहा और युवक निडर होकर रील बनवाता रहा।
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के बढ़ते नशे और युवाओं की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ सेकंड की लोकप्रियता के लिए युवा अपनी और दूसरों की जान को खतरे में डाल रहे हैं, जो समाज और प्रशासन दोनों के लिए चिंता का विषय है।
मामला मंगलौर कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान करने में जुटी हुई है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि जान जोखिम में डालकर रील बनाने वाले युवक की तलाश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह का कृत्य कानूनन अपराध है और युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इससे पहले भी ऐसे मामलों में कार्रवाई कर चुकी है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

