After Header-1

एनआरएलएम से शुरू हुआ सफर, 60 लाख के टर्नओवर तक पहुंचीं संतोषी सोलंकी

देहरादून। सीमित संसाधनों के बावजूद आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम करने वाली देहरादून जनपद की संतोषी सोलंकी आज पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। सहसपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत शंकरपुर निवासी संतोषी सोलंकी का चयन 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित 77वीं गणतंत्र दिवस परेड के लिए विशेष अतिथि के रूप में किया गया है। वे इस ऐतिहासिक अवसर पर ‘लखपति दीदी’ के रूप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

भारत सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस परेड में देशभर से ऐसे लोगों को आमंत्रित किया जाता है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज को नई दिशा दी हो। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी संतोषी सोलंकी का चयन हुआ है, जो अपनी सफलता की प्रेरणादायी कहानी राष्ट्रीय मंच पर साझा करेंगी।

संतोषी सोलंकी ने वर्ष 2018 में सेलाकुई में एनआरएलएम के तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़कर अपने उद्यमी सफर की शुरुआत की थी। एकता स्वयं सहायता समूह की सदस्य रहते हुए उन्होंने आस्था क्लस्टर लेवल फेडरेशन के माध्यम से वित्तीय सहायता और प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने ‘सोलंकी प्रिंटिंग प्रेस’ की स्थापना की, जो आज एक सफल और भरोसेमंद व्यवसाय बन चुकी है।

वर्तमान में संतोषी सोलंकी की प्रिंटिंग प्रेस से बैनर, पोस्टर, विजिटिंग कार्ड और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी प्रचार सामग्री तैयार की जाती है। उन्होंने अब तक 60 लाख रुपये से अधिक का टर्नओवर हासिल किया है। फ्लेक्स मशीन की शुरुआत के बाद उन्हें बड़ी कंपनियों से भी लगातार ऑर्डर मिलने लगे हैं। टप्परवेयर, इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड, हैब फार्मा और हिमालयन जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां उनकी सेवाएं ले रही हैं।

संतोषी सोलंकी न केवल खुद आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि उन्होंने अपने गांव और आसपास की 250 से अधिक महिलाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित किया है। उनकी प्रिंटिंग प्रेस में चार स्थानीय ग्रामीण महिलाओं को रोजगार भी मिल रहा है।

जिला मिशन प्रबंधक सोनम गुप्ता और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने संतोषी सोलंकी की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि एनआरएलएम के माध्यम से महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आज संतोषी सोलंकी महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत और ग्रामीण विकास की सशक्त प्रतीक बनकर उभरी हैं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.