मुख्यमंत्री धामी होंगे मुख्य अतिथि, यूसीसी दिवस को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में

देहरादून। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले ‘यूसीसी दिवस’ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 27 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम), नीबूंवाला, देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंच, सभागार, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन और टेंटेज समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां तय समयसीमा के भीतर पूर्ण की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि यूसीसी दिवस का आयोजन राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए कार्यक्रम का संचालन पूरी गरिमा और अनुशासन के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को मंच और सभागार से जुड़ी सभी तकनीकी और भौतिक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सूक्ष्म जलपान, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और वाहन पार्किंग को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

गौरतलब है कि 27 जनवरी 2026 को संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह, नीबूंवाला में आयोजित राज्य स्तरीय यूसीसी दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विधि महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं, बार काउंसिल के प्रतिनिधि और स्थानीय बार एसोसिएशन के प्रमुख पदाधिकारी भी सहभागिता करेंगे।

निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का उद्देश्य है कि यूसीसी दिवस का यह आयोजन न केवल सुचारू रूप से संपन्न हो, बल्कि समान नागरिक संहिता के महत्व और उद्देश्य को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.