उत्तरकाशी के मोरी में देर रात भीषण आग, पूरा मकान जलकर राख

जनपद उत्तरकाशी की मोरी तहसील अंतर्गत फतेह पर्वत क्षेत्र के ग्राम **खन्ना** में सोमवार देर रात अचानक आग लगने से एक आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में घर के भीतर रखा **लाखों रुपये मूल्य का सामान** आग की भेंट चढ़ गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय घर में मौजूद लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की **जनहानि या पशुहानि** नहीं हुई।

जिला परिचालन केंद्र उत्तरकाशी एवं क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोरी ब्लॉक के ग्राम खन्ना के **चुंगी डंडा क्षेत्र** में नंदूलाल एवं वीरेंद्र सिंह के आवासीय उपयोग में आने वाले मकान में अचानक आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और **तत्परता दिखाते हुए सामूहिक प्रयासों से आग पर काबू पाया**। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो आसपास के अन्य मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था।

सूचना मिलने पर **तहसीलदार मोरी** राजस्व टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से नुकसान का **आकलन (पंचनामा)** किया जा रहा है, ताकि प्रभावितों को नियमानुसार राहत सहायता प्रदान की जा सके।

आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में **अग्नि सुरक्षा व्यवस्था** मजबूत करने की मांग की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.