नर्सिंग भर्ती को लेकर बड़ा आंदोलन: मुख्यमंत्री आवास कूच रोका गया, वार्ता के बाद टला मुंडन

देहरादून। नर्सिंग भर्ती और अन्य लंबित मांगों को लेकर नर्सिंग एकता मंच, उत्तराखंड के आह्वान पर सोमवार को बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। आंदोलन के तहत नर्सिंग अभ्यर्थियों द्वारा सामूहिक मुंडन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित किया गया था, जिसे लेकर पूरे दिन माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे आंदोलनकारियों को पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद स्थिति को संभालते हुए नर्सिंग एकता मंच के कुछ प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए निदेशालय, डांडा लखौंड ले जाया गया, जहां उनकी मुलाकात उच्च स्वास्थ्य अधिकारियों से हुई। बैठक के दौरान नर्सिंग भर्ती से जुड़े विभिन्न मुद्दों और अभ्यर्थियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

वार्ता में शामिल अधिकारियों ने नर्सिंग एकता मंच की मांगों को जायज बताया और भरोसा दिलाया कि शासन-प्रशासन स्तर पर इन पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी बिंदुओं पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जूनियर नर्सिंग अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनके हितों की रक्षा के लिए भी उचित निर्णय लिए जाएंगे।

अधिकारियों ने नर्सिंग एकता मंच के प्रतिनिधियों से यह भी आग्रह किया कि वे अपनी मांगों से संबंधित प्रमुख बिंदुओं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ विभागीय कार्यालय में उपस्थित हों, ताकि आगे की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।

सरकार की ओर से मिले आश्वासन के बाद नर्सिंग एकता मंच ने आज प्रस्तावित सामूहिक मुंडन कार्यक्रम को फिलहाल कुछ दिनों के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया। हालांकि मंच ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आगामी एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर ठोस और लिखित आश्वासन नहीं मिला, तो सामूहिक मुंडन कार्यक्रम दोबारा आयोजित किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस दौरान नर्सिंग एकता मंच के प्रतिनिधिमंडल में नवल पुंडीर, विकास पुंडीर, अनिल रमोला, राजेंद्र कुकरेती, मधु उनियाल, सरिता जोशी, किरण आर्या, कविता और शिरा बांधनी सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.