देहरादून। नगर निगम देहरादून ने शहरवासियों को एक बड़ी राहत देते हुए वार्ड संख्या 78, चौधरी कॉलोनी, आईएसबीटी के सामने लंबे समय से चली आ रही जलभराव की गंभीर समस्या का स्थायी समाधान कर दिया है। इस क्षेत्र की सड़क पर पहले लगातार पानी जमा रहता था, जिससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में जलभराव के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था।
क्षेत्रवासियों की लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति दी। इसके बाद नगर निगम द्वारा नियोजित एवं गुणवत्ता आधारित तरीके से सड़क निर्माण कार्य को पूरा कराया गया। अब सड़क के साथ-साथ बेहतर जलनिकासी व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे क्षेत्र में दोबारा जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर आयुक्त नमामि बंसल के साथ मौके पर पहुंचकर नव निर्मित सड़क और जलनिकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की मजबूती, निर्माण गुणवत्ता और नाली व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि नगर निगम देहरादून शहरवासियों को बेहतर और सुरक्षित बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित व स्थायी समाधान निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने कहा कि नगर निगम द्वारा सभी विकास कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप और पारदर्शी तरीके से कराए जा रहे हैं। सड़क निर्माण और जलनिकासी जैसे कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक राहत मिल सके।
सड़क निर्माण के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम देहरादून, महापौर और नगर आयुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्य से उन्हें वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिली है।