हरि महाराज के आशीर्वाद के साथ माघ मेले का भव्य आयोजन, लोक संस्कृति पर बोले गणेश जोशी

उत्तरकाशी के रामलीला मैदान में आयोजित पौराणिक माघ मेला (बाड़ाहाटा कु थोलू) कार्यक्रम में आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिला। इस ऐतिहासिक आयोजन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हरि महाराज नागराज की डोली और समेश्वर महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्रवासियों को माघ मेले की शुभकामनाएं दीं।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि माघ मेला उत्तरकाशी की समृद्ध लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और आपसी भाईचारे का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक पहचान को सहेजते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक आयोजनों के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। गणेश जोशी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘3 करोड़ लखपति दीदी’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में उत्तराखंड अग्रसर है और राज्य में अब तक 1.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

माघ मेले के दौरान पारंपरिक लोक नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहीं। क्षेत्रीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।

इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, जिला पंचायत सदस्य विजय बधानी, अनीता नेगी, बिना चौहान, ज्योति राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मेले में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाते नजर आए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.