सचिवालय एथलेटिक्स एवं फिटनेस क्लब द्वारा शनिवार, 18 जनवरी 2026 को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज स्थित गंगा एथलेटिक्स ग्राउंड में अष्टम सचिवालय वार्षिक एथलेटिक्स मीट का भव्य आयोजन किया गया। इस खेल महोत्सव में सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिटनेस और खेल भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विशेष प्रमुख सचिव खेल श्री अमित सिन्हा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर सचिव श्री संतोष बडोनी तथा समापन अवसर पर उप सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री अजीत सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने कहा कि नियमित खेल गतिविधियां न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती हैं, बल्कि मानसिक स्फूर्ति और कार्यक्षमता भी बढ़ाती हैं।
इस प्रतियोगिता में 25 वर्ष से लेकर 75 वर्ष तक की आयु वर्ग के सचिवालय अधिकारी एवं कर्मचारियों ने विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मचारियों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रतियोगिता के अंत में विभिन्न आयु वर्गों में चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की गई। 50 प्लस वर्ग में श्री जीवन सिंह बिष्ट, 40 प्लस वर्ग में श्री आई.पी. सिंह एवं श्री दीपक सिंह बिष्ट, 30 प्लस वर्ग में श्री टिकराज सिंह ने ट्रॉफी अपने नाम की। महिला वर्ग में 30 प्लस में श्रीमती चंपा कोरंगा, 40 प्लस में श्रीमती बिमला आर्य और उर्वा रावत ने चैंपियनशिप ट्रॉफी हासिल की।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष ललित चंद जोशी, महासचिव राजेंद्र प्रसाद जोशी, उपाध्यक्ष श्रीमती रीना शाही, कोषाध्यक्ष दिनेश सिंह धींगा, संयुक्त सचिव भुवन जोशी सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।