देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की नवनियुक्त कार्यकारिणी ने अध्यक्ष अजय राणा के नेतृत्व में जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जिले में पत्रकारों के हितों के संरक्षण, उनकी सुरक्षा तथा कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यकारिणी सदस्यों ने जिलाधिकारी के समक्ष यह मांग प्रमुखता से रखी कि पत्रकारिता की आड़ में गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों और समूहों के खिलाफ सख्त व प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों के कारण पत्रकारिता की गरिमा प्रभावित होती है और वास्तविक पत्रकारों की साख पर भी प्रश्नचिह्न लगता है। इसके साथ ही, पत्रकारों को समाचार संकलन और प्रकाशन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने उत्तरांचल प्रेस क्लब की नवनियुक्त कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का महत्वपूर्ण स्तंभ है और इसे संरक्षित रखना प्रशासन की भी प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि पत्रकारिता के नाम पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डीएम सविन बंसल ने मीडिया से अपेक्षा व्यक्त की कि वह सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों तथा शासन-प्रशासन द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों का सकारात्मक और व्यापक प्रचार-प्रसार करे, ताकि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से ही पारदर्शिता और सुशासन को मजबूती मिलती है।
भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और भविष्य में प्रशासन व प्रेस क्लब के बीच सहयोग और समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति बनी। इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, महामंत्री योगेश सेमवाल, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संप्रेक्षक विजय जोशी सहित वरिष्ठ पत्रकार मनमोहन लखेड़ा, जयप्रकाश जोशी, द्वारिका थपलियाल, सुलोचना पयाल और रश्मि खत्री उपस्थित रहे।