खरसाली गांव में आगजनी, राजस्व टीम मौके पर, नुकसान का आकलन जारी*

मां यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव में रविवार देर रात एक आवासीय भवन में आग लगने से भारी नुकसान हो गया। अचानक लगी आग से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में कई परिवारों का लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर खाक हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार आधी रात को सुनील लाल पुत्र झुनुलाल के रसोईघर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और रसोईघर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आग की चपेट में आकर रमकलाल पुत्र झुनुलाल की दुपहिया वाहन (स्कूटी) भी पूरी तरह जल गई।

आगजनी की इस घटना में गांव निवासी नवीन कुमार पुत्र सुरभी लाल की मशीन जलकर नष्ट हो गई। इसके अलावा अन्य कारीगरों के औजार भी आग की भेंट चढ़ गए, जिससे संबंधित दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जिला परिचालन केंद्र उत्तरकाशी से राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.