After Header-1

काशीपुर निवासी किसान सुखवंत ने की आत्महत्या,पुलिस जांच में जुटी

300×250 ADS-1

काठगोदाम थाना क्षेत्र के गौलापार स्थित एक निजी होटल में उस समय सनसनी फैल गई, जब काशीपुर निवासी 40 वर्षीय किसान सुखवंत ने होटल के कमरे में आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से गंभीर मानसिक तनाव में चल रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

आत्महत्या से पहले सुखवंत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने काशीपुर के एक कथित गिरोह पर जमीन के नाम पर करीब 4 करोड़ रुपये की ठगी करने के गंभीर आरोप लगाए। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो में सुखवंत ने स्वयं को काशीपुर के पैगा गांव का निवासी बताया। उसने आरोप लगाया कि काशीपुर निवासी अमरजीत सिंह, गुरविंदर सिंह, आशीष, जाहिर हुसैन सहित अन्य लोगों ने उसे बक्सौरा गांव में सात एकड़ जमीन दिखाई, लेकिन रजिस्ट्री किसी अन्य भूमि की करा दी गई। आरोप है कि इस पूरे सौदे में उससे लगभग 4 करोड़ रुपये वसूल लिए गए।

300×600 ADS-2

सुखवंत ने वीडियो में यह भी कहा कि उसने मामले की शिकायत उधम सिंह नगर के एसएसपी से की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न्याय न मिलने और लगातार मानसिक दबाव के कारण वह पूरी तरह टूट चुका था।

परिजनों के अनुसार, सुखवंत अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आया था। वापसी के दौरान उसने काठगोदाम थाना क्षेत्र के पास एक निजी होटल में कमरा लिया, जहां देर रात उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

सूचना मिलने पर काठगोदाम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर सौंपते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, लगाए गए आरोपों और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.