मोरी के गुराड़ी गांव में दर्दनाक हादसा: शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सब कुछ राख

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड स्थित ग्राम गुराड़ी में बुधवार तड़के एक भीषण अग्निकांड ने गांव को हिला कर रख दिया। सुबह करीब 5:15 बजे अचानक लगी आग ने देखते ही देखते तीन परिवारों के मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे में 14 मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिससे प्रभावित परिवारों को गहरा सदमा लगा है।

सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। राजस्व विभाग, फायर सर्विस, एसडीआरएफ, पुलिस, पशु चिकित्सा विभाग और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से करीब साढ़े सात बजे सुबह आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक तीनों परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।

तहसीलदार मोरी के अनुसार आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राजस्व विभाग की ओर से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देते हुए प्रत्येक परिवार को दो कंबल, एक तिरपाल और 5,000 रुपये की नकद सहायता प्रदान की गई है। प्रशासन द्वारा आगे की सहायता और नुकसान के आकलन की प्रक्रिया जारी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.