रुड़की। नगर के वरिष्ठ एवं निर्भीक पत्रकार राव शाहनवाज खां का सोमवार की रात्रि लंबी बीमारी के बाद जौलीग्रांट स्थित अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कई वर्षों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। ढंडेरा क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहने वाले राव शाहनवाज खां अविवाहित थे और उन्होंने अपना पूरा जीवन पत्रकारिता और समाज सेवा को समर्पित कर दिया।
अपने पत्रकारिता जीवन में वे एक साहसी, बेबाक और अडिग पत्रकार के रूप में जाने जाते थे। किसी भी घटना या जनसमस्या को लेकर वे शासन-प्रशासन से टकराने में कभी पीछे नहीं हटे। इसी निर्भीक स्वभाव के कारण वे कई बार अधिकारियों से विवादों को लेकर सुर्खियों में भी रहे। उनके अड़ियल मिजाज के चलते पारिवारिक स्तर पर भी कभी-कभी मतभेद की स्थिति बन जाती थी।
बीमारी के कारण हाल के वर्षों में वे सक्रिय पत्रकारिता से दूर हो गए थे, लेकिन पत्रकारिता जगत में उनकी पहचान और योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र के पत्रकारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ पत्रकार तपन सुशील, शायर अफजल मंगलौरी और पत्रकार सुभाष सैनी सहित कई साथियों ने उन्हें याद करते हुए कहा कि राव शाहनवाज खां जैसा निर्भीक पत्रकार क्षेत्र में विरले ही पैदा होता है। उनके जनाजे की नमाज आज दोपहर जोहर की नमाज के बाद अदा की जाएगी।